इटली में सुरक्षा जांच के दौरान गोल्फ खिलाड़ी जीव मिल्खा सिंह के कोच अमृतेंदर सिंह की पगड़ी दोबारा खुलवाए जाने पर भारत ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। कोच अमृतेंदर के साथ एक हफ्ते के दौरान दूसरी बार हुई इस घटना पर राज्यसभा में विपक्ष के सवालों को जवाब देते हुए विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने इसे देश का अपमान करार दिया। विदेश मंत्रालय ने इस मसले पर सख्त रुख अख्तियार कर इतालवी राजदूत को तलब कर सख्त लफ्जों में शिकायत दर्ज कराई। इटली के राजदूत ने घटना पर खेद जताया है और जांच का भरोसा दिलाया है। इससे पहले राज्यसभा में भी सदस्यों ने इस बात पर चिंता जताई कि धार्मिक भावनाओं की अवहेलना कर मंगलवार को दूसरी बार अमृतेंदर सिंह को मिलान एयरपोर्ट पर पगड़ी खोलने के लिए मजबूर किया गया। सदन में शून्यकाल के दौरान मामला उठाते हुए भाजपा नेता एसएस अहलूवालिया ने कहा कि सिखों की पगड़ी जांचने के लिए कई साधन उपलब्ध हैं। लेकिन अमृतेंदर के सुरक्षा जांच के दौरान पगड़ी उतार कर जूते की ट्रे में रखने के लिए मजबूर किया गया। अहलूवालिया के साथ मामले पर एक सुर सत्तापक्ष और विपक्ष के कई सांसदों ने इस बात को लेकर भी सवाल उठाए कि बीते सप्ताह हुई घटना के बाद भारत की नाराजगी के बावजूद दूसरी पर बार भी गोल्फ कोच के साथ ऐसा अपमानजनक व्यवहार हुआ। सदन की भावनाओं से सहमति जताते हुए विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने कहा कि सिखों की पगड़ी का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उनका कहना था कि सिखों की पगड़ी भारतीयता का प्रतीक है और इसलिए यह भारत का अपमान है। कृष्णा ने बताया कि मामले पर रोम में भी भारतीय दूतावास ने इस घटना पर शिकायत दर्ज करा दी थी। कृष्णा ने अपने मंत्रालय को इतालवी राजदूत जियाकोमो सानफेलिस डी माउंटफोर्टे को तलब करने के निर्देश दिए। बुधवार शाम मंत्रालय बुलाए गए इतालवी राजदूत को भारत ने सख्त डिमार्श (शिकायत पत्र) सौंपा है। विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) विवेक काटजू से मुलाकात के बाद मीडिया से रूबरू माउंटफोर्टे ने कहा कि इस मामले को उच्चतम स्तर पर उठाया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि इस घटना की जांच की जा रही है। विदेश मंत्रालय के अनुसार इतालवी राजदूत ने खेद जताने के साथ ही यह भी माना की सुरक्षा नियमों के पालन में धार्मिक भावनाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए|
No comments:
Post a Comment